चाची से अवैध संबंध का था शक, भतीजे ने 'मुंहबोले मामा' की कर दी गला घोंटकर हत्या
स्वाट, सर्विलांस और थाना घुंघटेर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार
बाराबंकी। घुंघटेर थाना क्षेत्र के बजगहनी गांव में खेत की रखवाली कर रहे अरविंद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या का राज़ खुल गया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह हत्या आपसी संबंधों में शक और बदनामी के डर के चलते की गई। मामले का खुलासा पुलिस लाइन सभागार में एएसपी उत्तरी विकास त्रिपाठी ने किया।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित स्वाट, सर्विलांस और थाना घुंघटेर पुलिस की संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस व डिजिटल डेटा विश्लेषण की मदद से दो अभियुक्तों संतोष कुमार पुत्र जानकी प्रसाद और बृजेश कुमार पुत्र मैकूलाल, दोनों निवासी बजगहनी थाना घुंघटेर को जमुआ पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक बंडल एल्युमीनियम तार व एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP 32 EU 0928) बरामद की गई।
हत्या की वजह: रिश्तों का कड़वा सच
पुलिस पूछताछ में संतोष ने बताया कि 18 जून को वह अपने चाचा (वादी) के घर पानी लेने गया था। वहीं उसने अरविंद और अपनी चाची को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे वह आहत हुआ और अरविंद को रास्ते से हटाने की योजना बनाने लगा। 20/21 जून की रात को वह अपने सहयोगी बृजेश के साथ वादी के खेत में गया, जहां अरविंद सो रहा था। दोनों ने मिलकर एल्युमीनियम की तार से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
घटना की पृष्ठभूमि
वादी माता प्रसाद गौतम ने 22 जून को थाना घुंघटेर में सूचना दी थी कि अरविंद लोध (उम्र लगभग 45 वर्ष), जो उनके यहां 25 वर्षों से रह रहा था, खेत की रखवाली करने गया था। सुबह वादी की पुत्री जब खेत गई तो अरविंद मृत अवस्था में मिला। गले पर चोट के निशान थे। इस पर अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था।
0 टिप्पणियाँ
Welcome to DB Digital News !!